रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर बुंडू की LRDC छवि बाला और अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम को शोकॉज करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में कार्य में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी ने SIR-2026 के तहत अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होना है। ऐसे में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें।
तार्किक विसंगति और नो मैपिंग के मामलों का होगा त्वरित निष्पादन
बैठक में तार्किक विसंगति (Logical Discrepancy) और नो मैपिंग (No Mapping) से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए डीसी ने इनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें। कार्य के दौरान किसी तरह की परेशानी आने पर तत्काल उनसे संपर्क करें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।
जिला के औसत प्रदर्शन से नीचे रहने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों के AERO को भी शोकॉज करने का निर्देश दिया गया। वहीं, सभी ERO को अपने अधीनस्थ कर्मियों के कार्यों की नियमित और सख्त निगरानी करने को कहा गया। बैठक में फॉर्म-6 के निष्पादन की भी समीक्षा की गई।
निर्वाचन अभिलेखों को सुरक्षित रखने का निर्देश
डीसी ने SIR प्रक्रिया के दौरान प्राप्त प्रपत्रों, नोटिस, सुनवाई से संबंधित दस्तावेजों और निष्पादन प्रतिवेदनों सहित सभी निर्वाचन अभिलेखों का उचित वर्गीकरण और सूचीकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी दस्तावेज निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षित रखे जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराया जा सके।
छठ घाटों की सफाई और समितियों से समन्वय पर जोर
छठ महापर्व को देखते हुए डीसी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने छठ समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
सरकारी कार्यालयों में बिचौलियों पर लगेगी रोक
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को सरकारी कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों के साथ संवेदनशीलता और सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रखंड, अंचल, थाना और पंचायत स्तर के कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मियों का व्यवहार ही आम जनता के बीच सरकार की छवि बनाता है। इसलिए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध समाधान किया जाए।
उन्होंने सरकारी कार्यालयों में बिचौलियों की भूमिका पर पूरी तरह रोक लगाने और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। इसके लिए स्थानीय थाना के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को भी कहा।
आदिवासी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर CO होंगे जिम्मेदार
आदिवासी भूमि की सुरक्षा को लेकर डीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जिले के किसी भी अंचल में आदिवासी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत या मामला सामने आने पर संबंधित अंचल अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी CO को अपने क्षेत्र में भूमि संबंधी मामलों की विशेष निगरानी करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के ERO, AERO, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। डीसी ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों के साथ-साथ जनहित से जुड़े प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन तत्परता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करने का निर्देश दिया।





