अफीम की अवैध खेती पर रोकथाम को लेकर रांची जिला प्रशासन की बड़ी पहल, आठ जागरूकता वाहन रवाना

SHARE:

Ranchi: रांची जिले में अफीम की अवैध खेती पर अंकुश लगाने और आम लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान की शुरुआत की है। बुधवार को मोरहाबादी मैदान से जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं संवेदनशील इलाकों में भ्रमण कर लोगों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही लोगों को इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों से अवगत कराते हुए अफीम की खेती और अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील करेंगे।

अफीम की खेती करने पर हो सकती है कठोर सजा

जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की अवैध खेती करना या इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर 20 वर्ष तक की सजा अथवा आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अधिक मुनाफे के लालच में अफीम की खेती न करें और न ही किसी दूसरे व्यक्ति को इस उद्देश्य से अपनी जमीन लीज या पट्टे पर दें। यदि किसी क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती या इससे जुड़े कारोबार की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

अवैध कारोबारियों पर प्रशासन की कड़ी नजर

जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से अफीम की अवैध खेती, परिवहन और कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त करने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों से अर्जित धन एवं संपत्तियों के विरुद्ध भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस कारोबार से जुड़े क्रेता-विक्रेताओं पर भी निगरानी रखी जाएगी।

पर्यावरण और युवा पीढ़ी के लिए भी खतरनाक

अभियान के दौरान ग्रामीणों को अफीम की खेती के पर्यावरणीय दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इससे जमीन की उर्वरता प्रभावित होने के साथ तालाब, नदी और कुएं जैसे जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा रहता है। वहीं, अफीम एवं इससे बने नशीले पदार्थों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। नशे की लत विशेष रूप से युवा पीढ़ी को प्रभावित करती है, जिसका दुष्प्रभाव परिवार और समाज पर भी पड़ता है।

जिला प्रशासन का लक्ष्य जनभागीदारी के माध्यम से अफीम की अवैध खेती पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए जागरूकता बढ़ाना है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *