चतरा में 1.080 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार, स्टील केन में लेकर जा रहा था आरोपी

SHARE:

चतरा: जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1.080 किलोग्राम अवैध अफीम जैसे गीले पदार्थ के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अखिलेश कुमार (20 वर्ष), पिता देवराज यादव, निवासी सिंदुरिया, थाना प्रतापपुर, जिला चतरा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को वरीय पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के शेरेगड्डा नाला के पास एक व्यक्ति स्टील केन में अवैध अफीम लेकर कारोबार के उद्देश्य से जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चतरा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शेरेगड्डा नाला के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को स्टील केन लेकर जाते देखा। पुलिस बल को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सशस्त्र बल के जवानों ने उसे पकड़ लिया। विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद स्टील केन से करीब 1.080 किलोग्राम अफीम जैसा गीला पदार्थ बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने बताया कि उसके पिता अवैध अफीम के कारोबार में संलिप्त हैं और पूर्व में भी अफीम से जुड़े मामले में जेल जा चुके हैं।

इस मामले में संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी

  1. श्री सन्नी वर्धन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चतरा।
  2. श्री अनिल उरांव, पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, सदर थाना, चतरा।
  3. पुलिस अवर निरीक्षक पियेश प्रसून, सदर थाना, चतरा।
  4. थाना सशस्त्र बल के जवान।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *