रांची। राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिठियो डैम साइड में झाड़ी से मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों संजय कुमार सिंह (30 वर्ष) और बॉबी विश्वकर्मा (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बेंत, दो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 6 नवंबर 2026 की सुबह धुर्वा थाना क्षेत्र के ग्राम सिठियो स्थित डैम साइड में झाड़ी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई थी। बाद में मृतक की पहचान बिट्टू सिंह (31 वर्ष), पिता ओमप्रकाश सिंह, निवासी क्वार्टर बी/2-385 (टी), सेक्टर-9, शर्मा मार्केट, धुर्वा, रांची के रूप में हुई। इस संबंध में मृतक के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर धुर्वा थाना कांड संख्या 296/26, दिनांक 06.11.2026, धारा 103(1)/238(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का उद्भेदन किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस अनुसंधान में सामने आया है कि मृतक बिट्टू सिंह और दोनों आरोपियों के बीच शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने गाड़ी में रखे लकड़ी के बेंत से बिट्टू सिंह के साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ी में फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपी
- संजय कुमार सिंह (30 वर्ष), पिता बिरेन्द्र कुमार सिंह, निवासी क्वार्टर नंबर बी (II)/265, शर्मा रोड, थाना धुर्वा, जिला रांची।
- बॉबी विश्वकर्मा (27 वर्ष), पिता सुरेश विश्वकर्मा, निवासी लाह फैक्ट्री, हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र, जिला रांची।
बरामद सामान
- हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का एक बेंत।
- आरोपियों के दो मोबाइल फोन।
- घटना में प्रयुक्त एक कार।
संजय कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास
- धुर्वा थाना कांड संख्या 232/22, दिनांक 31.08.2022, धारा 279/427 भादवि।
- धुर्वा थाना कांड संख्या 103/18, दिनांक 11.05.2018, धारा 323/341/342/34 भादवि।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
- श्री नीरज कुमार, वरीय पुलिस उपाधीक्षक, हटिया, रांची।
- श्री अनिल कुमार, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, धुर्वा थाना।
- पु०अ०नि० लव कुमार, धुर्वा थाना।
- पु०अ०नि० हीरालाल साह, धुर्वा थाना।
- पु०अ०नि० गगन ठाकुर, तकनीकी शाखा, रांची।
- स०अ०नि० बलेन्द्र सिंह, तकनीकी शाखा, रांची।
- धुर्वा थाना के सशस्त्र बल।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।





