रांची: रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के रांगामाटी में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 25 वर्षीय युवक कांग्रेस महतो की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना 8 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे रांगामाटी स्थित सरकारी शराब दुकान के पास हुई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर तमाड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से गंभीर रूप से घायल कांग्रेस महतो को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी पूजा कुमारी के लिखित आवेदन के आधार पर तमाड़ थाना कांड संख्या 72/2026, दिनांक 09 नवंबर 2026 के तहत हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
कार का हॉर्न बजाने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मृतक समेत चार लोग सड़क पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सभी आरोपी कार से वहां से गुजर रहे थे। कार का हॉर्न बजाने के बावजूद सड़क पर बैठे लोग रास्ते से नहीं हटे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। कुछ देर बाद दोबारा विवाद और मारपीट हुई, जिसमें कांग्रेस महतो पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई।
गिरफ्तार आरोपियों में 18 और 19 वर्ष के युवक भी शामिल
पुलिस ने इस हत्याकांड में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिट्टू गुप्ता (29 वर्ष), पिता मुरलीधर गुप्ता, निवासी रांगामाटी, थाना तमाड़; टिंकू दास (19 वर्ष), पिता विजय दास; गुरुपदो मुंडा (19 वर्ष), पिता रघु सिंह मुंडा और निखिल भूमिज (18 वर्ष), पिता मोहन भूमिज, तीनों निवासी नावाडीह, थाना ईचागढ़, जिला सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।
मामले में राहुल मछुवा और मानिक मछुवा नामक दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी शामिल
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित छापेमारी दल में बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तमाड़ थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शम्भू पंडित, प्रेम सागर सिंह, गणेश चौड़े एवं तमाड़ थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। मामले में किसी सामान की बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।





