अफीम की अवैध खेती के खिलाफ तमाड़ पुलिस का अभियान, 6 पंचायतों में ग्रामीणों को किया जागरूक

SHARE:

रांची। रांची जिले में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 1 नवंबर 2026 को तमाड़ थाना क्षेत्र की छह पंचायतों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें अफीम की अवैध खेती से होने वाले कानूनी, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

अभियान के तहत अरहंगा, जरगो, मल्हान, भूयडीह, मारधन, परासी एवं कुंडला पंचायतों में ग्रामीणों के साथ बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि अफीम की अवैध खेती कानूनन अपराध है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

अवैध खेती की सूचना पुलिस को देने की अपील

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में अफीम की अवैध खेती न करें। यदि अपने आसपास कहीं भी अफीम की खेती की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दें।

वैध खेती से सुरक्षित होगा परिवार का भविष्य

पुलिस ने ग्रामीणों को संदेश दिया कि अवैध खेती से होने वाली कमाई के बजाय वैध एवं लाभकारी कृषि को अपनाना चाहिए। इससे परिवार का भविष्य सुरक्षित होगा और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

रांची पुलिस ने स्पष्ट किया कि तमाड़ क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही अवैध खेती में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *