सरायकेला: गम्हरिया थाना में महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप, वायरलेस ऑपरेटर समेत तीन पुलिसकर्मी गिरफ्तार

SHARE:

सरायकेला-खरसावां। झारखंड पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना से सामने आया है। पति से विवाद के बाद सुरक्षा की गुहार लगाने थाना पहुंची एक महिला के साथ थाने में ही दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने आगे की जांच के दौरान एक पुलिस अवर निरीक्षक (SI) और एक आरक्षी को भी गिरफ्तार किया है। इसके अलावा कर्तव्य में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में नौ पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निलंबित किया गया है।

पति से विवाद के बाद सुरक्षा मांगने पहुंची थी महिला

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 31 अक्टूबर 2026 को लिखित आवेदन देकर बताया कि 29 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे उनके पति के साथ कहासुनी हुई थी। उन्हें आशंका थी कि रात में पति उनके साथ मारपीट कर सकते हैं। इसी डर से वह घर से निकलकर पड़ोस के एक घर पहुंचीं और वहां मौजूद महिला से थाना में फोन करने का अनुरोध किया।

इसके बाद गम्हरिया थाना का पीसीआर वाहन मौके पर पहुंचा और महिला को लेकर रात करीब 12 बजे थाना पहुंचा। पीड़िता के आरोप के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी ने उन्हें बगल के कमरे में आराम करने के लिए कहा। इसी दौरान थाना में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा ने उनके साथ दुष्कर्म किया।

वायरलेस ऑपरेटर पहले ही गिरफ्तार

पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर गम्हरिया थाना कांड संख्या 86/26, दिनांक 31.10.2026 के तहत बीएनएस की धारा 64(2)(क)/68 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस ने आरोपी आरक्षी संख्या 410 नीरज लकड़ा, वायरलेस ऑपरेटर, गम्हरिया थाना को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

एसआईटी की जांच में दो अन्य पुलिसकर्मी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने आगे की जांच के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार साहू और आरक्षी संख्या 1088 संतोष कुमार राय को गिरफ्तार किया है। दोनों को भी न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार किए गए अन्य दो पुलिसकर्मी:

  1. मनोज कुमार साहू (54 वर्ष), पुलिस अवर निरीक्षक, गम्हरिया थाना। मूल निवासी बड़ागांव, थाना मनियर, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश)।
  2. संतोष कुमार राय (50 वर्ष), आरक्षी संख्या 1088, गम्हरिया थाना। निवासी सीमरी, दुधपटी, जिला बक्सर (बिहार)।

कर्तव्य में लापरवाही पर नौ पुलिसकर्मी निलंबित

इस पूरे मामले में थाना परिसर में महिला की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं किए जाने और कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने को लेकर विभाग ने सख्त कार्रवाई की है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला द्वारा समर्पित जांच प्रतिवेदन के आधार पर निम्नलिखित नौ पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निलंबित कर पुलिस केंद्र, सरायकेला वापस किया गया है।

  1. पु०अ०नि० अजय पासवान
  2. पु०अ०नि० ललन रविदास
  3. स०अ०नि० विशु उरांव
  4. स०अ०नि० मुकेश कुजूर
  5. स०अ०नि० मुकेश रविदास
  6. स०अ०नि० सीता राम सिंह पाहन
  7. हवलदार पिताम्बर महतो
  8. हवलदार बहादुर हांसदा
  9. आरक्षी संख्या 230 मनोज गोराई

जांच प्रतिवेदन में इन पुलिसकर्मियों द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में अपेक्षित सतर्कता एवं जिम्मेदारी नहीं बरतने की बात सामने आई है। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही, शिथिलता एवं अनुशासनहीनता मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।

पुलिस विभाग का मानना है कि थाना परिसर में महिला की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं किया जाना अत्यंत गंभीर मामला है, जिससे पुलिस की छवि और आम जनता के बीच उसकी विश्वसनीयता प्रभावित हुई है।

पुलिस की अपील: जरूरत पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क

  • पुलिस आपातकालीन सहायता – 112
  • महिला हेल्पलाइन – 1091
  • घरेलू हिंसा हेल्पलाइन – 181
  • बाल हेल्पलाइन – 1098
  • साइबर अपराध हेल्पलाइन – 1930
  • एंबुलेंस सेवा – 108

मामले में पुलिस की ओर से आगे का अनुसंधान जारी है। इस घटना ने पुलिस थानों में महिलाओं की सुरक्षा और शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों के प्रति पुलिसकर्मियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *