मांडर में जमीन विवाद को लेकर रामू उरांव की गोली मारकर हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

रांची। रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र में हुए रामू उरांव हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। जमीन विवाद में साजिश रचकर गोली मारकर हत्या करने के मामले में रांची पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपियों को 30 अक्टूबर को ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था, जबकि दो अन्य आरोपियों को 1 नवंबर को ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि मांडर थाना क्षेत्र के टिको टोली गांव स्थित डेयरी के पास सेवाडीह निवासी रामू उरांव (55 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही मांडर थाना प्रभारी, खलारी के पुलिस उपाधीक्षक एवं आसपास के थानों की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

एसआईटी गठित कर किया गया हत्याकांड का खुलासा

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन में खलारी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पहचान की और छापेमारी कर गिरफ्तारी की।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रामू उरांव और आरोपियों के बीच जमीन को लेकर पिछले करीब 10 वर्षों से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के कारण आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश रचकर रामू उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी।

पहले तीन, फिर दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में पहले राम जनम सिंह, तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह और धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह को गिरफ्तार किया था। तीनों को 30 अक्टूबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए 1 नवंबर को ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से कुलदीप सिंह और राजेन्द्र सिंह उर्फ विपीन सिंह को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. राम जनम सिंह (50 वर्ष)
  2. तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह (32 वर्ष)
  3. धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह (27 वर्ष)

तीनों के पिता स्वर्गीय परसन सिंह हैं और ये अड़ा गांव, थाना ठाकुरगांव, जिला रांची के निवासी हैं।

  1. कुलदीप सिंह (करीब 40 वर्ष)
  2. राजेन्द्र सिंह उर्फ विपीन सिंह (करीब 29 वर्ष)

दोनों के पिता स्वर्गीय परसन सिंह हैं और ये भी अड़ा गांव, थाना ठाकुरगांव, जिला रांची के निवासी हैं।

छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी

इस कार्रवाई में खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी, मांडर अंचल पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश राणा, मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली, ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार, चान्हो थाना प्रभारी टिंकु रजक, बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन कुमार, मांडर थाना के पुलिस पदाधिकारी रंजीत किशोर, अरविन्द कुमार, सुमन कुमार शर्मा, ठाकुरगांव थाना के दिलीप कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में मांडर थाना कांड संख्या 113/26, दिनांक 29.10.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/61(2) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। रांची पुलिस ने बताया कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *