राँची, 31 अक्टूबर। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर राँची जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय के ब्लॉक-ए सभागार में एफएसएसएआई (FSSAI) जिला स्तरीय परामर्शी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी कार्रवाई की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में उपायुक्त ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को जिले के होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में नियमित रूप से जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और अमानक सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी जरूरी है।
पनीर के कारोबार के लिए पंजीकरण अनिवार्य
बैठक में पनीर के कारोबार को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि व्यवसाय के उद्देश्य से पनीर का निर्माण करने, बिक्री करने अथवा अपने प्रतिष्ठान में उपयोग करने वाले व्यक्ति एवं प्रतिष्ठानों को अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा।
उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण पनीर का कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से पनीर के नमूनों की नियमित जांच भी जारी रहेगी।
मिलावट मिलने पर होगी कठोर कानूनी कार्रवाई
उपायुक्त ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। जांच के दौरान मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेता एवं निर्माता के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को जांच अभियान में तेजी लाने और होटल, रेस्टोरेंट तथा मिठाई दुकानों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जांच अभियान और जागरूकता कार्यक्रमों की होगी समीक्षा
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक संपन्न कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी महीनों में चलाए जाने वाले जांच अभियानों, जागरूकता कार्यक्रमों और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा आम लोगों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री धनंजय, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री रामगोपाल पांडेय, सिविल सर्जन सदर राँची, खाद्य सुरक्षा विभाग के पदाधिकारी, सभी फूड सेफ्टी ऑफिसर तथा संबंधित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।





