राँची में जल एवं स्वच्छता योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने का निर्देश

SHARE:

राँची, 31 अक्टूबर। जिले में आम लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जल जीवन मिशन (JJM) एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को योजनाओं का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

योजनाओं का होगा नियमित स्थल निरीक्षण

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान पूर्वी एवं पश्चिमी पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल में संचालित मल्टी विलेज स्कीम (MVS) और सिंगल विलेज स्कीम (SVS) की प्रगति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी सहायक अभियंताओं एवं कनीय अभियंताओं को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करने, योजनाओं की प्रगति की निगरानी करने और भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही योजनाओं से संबंधित दस्तावेजों को अद्यतन रखने का भी निर्देश दिया।

शौचालय निर्माण में तेजी लाने का निर्देश

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (IHHL) निर्माण की प्रखंडवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने चालू वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए पात्र लाभुकों का शीघ्र चयन करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने लाभुकों के चयन में ऑनलाइन माध्यम का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया।

मॉडल विलेज के लंबित कार्य जल्द पूरे करने का निर्देश

बैठक में मॉडल विलेज के रूप में विकसित किए जा रहे गांवों की प्रगति की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शेष गांवों में निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन किया जाए और कमियां मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

दूषित जल स्रोत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें अधिकारी

जल गुणवत्ता जांच की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से जल स्रोतों की नियमित जांच, पानी के नमूनों की रिपोर्टिंग और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुपालन की जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिया कि जल गुणवत्ता जांच से संबंधित सभी रिपोर्ट समय पर तैयार कर प्रस्तुत की जाएं। किसी भी जल स्रोत के दूषित पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लोगों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसलिए जल गुणवत्ता जांच एवं निगरानी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जांच रिपोर्टों की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने पर भी निर्णय लिया गया।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री संजय भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री बादल राज, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल राँची पूर्वी एवं पश्चिमी के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला एवं प्रखंड समन्वयक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *