जनगणना-2027 की तैयारी तेज, राँची में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

SHARE:

राँची, 31 अक्टूबर। भारत की जनगणना-2027 को लेकर राँची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सह प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 30 और 31 अक्टूबर 2026 तक चला।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला, अनुमंडल, शहर एवं चार्ज स्तर पर प्रतिनियुक्त जनगणना पदाधिकारियों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना से जुड़ी तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारियां दी गईं। केंद्रीय प्रशिक्षक टीम ने भी अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रह और फील्ड में काम करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया।

जनगणना के आंकड़ों से तय होंगी भविष्य की विकास योजनाएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों का निर्माण किया जाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझने और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सभी स्तर के पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय-सीमा में जनगणना का कार्य पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ पूरा करें। साथ ही जिले के नागरिकों से सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करने की अपील की।

राँची में जनगणना का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा

उपायुक्त ने जानकारी दी कि राँची जिले के सभी चार्जों में जनगणना का प्रथम चरण यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उन्होंने प्रथम चरण में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और कार्यक्षमता की सराहना की।

पहली बार होगी डिजिटल जनगणना, जाति संबंधी जानकारी भी होगी एकत्र

जनगणना-2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इस बार प्रगणक स्मार्टफोन पर विशेष मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से परिवारों से संबंधित आंकड़े एकत्र करेंगे। आम नागरिकों को निर्धारित वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प भी मिलेगा। इसके अलावा द्वितीय चरण में जाति संबंधी जानकारी भी एकत्र की जाएगी।

जनसंख्या गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति एवं परिवार से संबंधित जनसांख्यिकीय, सामाजिक और आर्थिक जानकारियां जुटाई जाएंगी। इसमें आयु, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, साक्षरता, रोजगार, आर्थिक गतिविधियां, प्रवासन, प्रजनन, धर्म, भाषा, अनुसूचित जाति-जनजाति सहित अन्य निर्धारित जानकारियां शामिल होंगी।

जनसंख्या गणना और स्व-गणना की निर्धारित समय-सीमा

प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार सामान्य क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का कार्य 25 जनवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक निर्धारित किया गया है। वहीं, नागरिकों के लिए स्व-गणना का विकल्प 10 जनवरी 2027 से 24 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगा।

जनगणना में नागरिकों से सहयोग की अपील

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और समाज के विकास की योजनाएं तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जिला प्रशासन इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से जनगणना कर्मियों को सही जानकारी देने और पूरा सहयोग करने की अपील की। साथ ही आंकड़ों की गोपनीयता सुनिश्चित करने की बात कही।

जनगणना कार्य को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कर्मियों की नियुक्ति, प्रशिक्षण, शत-प्रतिशत कवरेज, नियमित निगरानी, डिजिटल उपकरणों की उपलब्धता और जन जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

ये अधिकारी रहे उपस्थित

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना पदाधिकारी श्री राम नारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना पदाधिकारी श्री शेषनाथ बैठा, जनगणना कार्य निदेशालय झारखंड के उप निदेशक सह उप मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी श्री केश्या नायक आर, श्री संजीव कुमार एवं मो. ताशिकुर रहमान सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *