राँची, 31 अक्टूबर। सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए राँची जिला प्रशासन की ओर से सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में दलादली, रिंग रोड एवं कांके रोड क्षेत्र में यह अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने करीब 102 वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहनों के रोड टैक्स, फिटनेस प्रमाण पत्र, इंश्योरेंस, परमिट और प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही निर्धारित क्षमता से अधिक माल लादकर चलने वाले वाहनों की भी जांच की गई।
17 वाहनों में मिली अनियमितता
जांच के दौरान कुल 17 वाहनों में आवश्यक दस्तावेज अद्यतन नहीं पाए गए। वहीं, कुछ वाहनों में ओवरलोडिंग की भी पुष्टि हुई। इन अनियमितताओं को लेकर संबंधित वाहन मालिकों एवं चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कुल 4,21,500 रुपये (चार लाख इक्कीस हजार पांच सौ रुपये) का जुर्माना वसूला गया। वहीं, आवश्यक कागजात पूर्ण नहीं पाए जाने के कारण तीन वाहनों को जब्त कर कांके रोड स्थित टीओपी परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
आगे भी जारी रहेगा वाहन जांच अभियान
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के अनुपालन को लेकर जिले में आगे भी सघन वाहन जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।





