देवघर में नकली शराब बनाने के लिए ले जाया जा रहा 1200 लीटर स्प्रिट जब्त, दो बोलेरो वाहन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

देवघर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले करीब 1200 लीटर स्प्रिट जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में दो बोलेरो वाहनों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि गिरिडीह के जमुआ की ओर से दो सफेद रंग की बोलेरो गाड़ियों में नकली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला स्प्रिट लोड कर देवीपुर थाना क्षेत्र के हथवारी गांव ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर 29 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे तिलैया मोड़ पर पुलिस टीम ने सशस्त्र बल के साथ वाहन जांच अभियान शुरू किया।

रात करीब 1:20 बजे गिरिडीह-जमुआ की ओर से दो बोलेरो वाहन तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से वाहनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों वाहन चालकों ने रुकने के बजाय तेजी से देवीपुर की ओर भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकबर अली (42 वर्ष), पिता मो. कलीम शेख, निवासी लालगढ़, थाना मधुपुर तथा दिवाली राय (26 वर्ष), पिता स्व. लक्ष्मण राय, निवासी सुग्गापहाड़ी, थाना बुदैई, जिला देवघर के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान मंटू यादव (31 वर्ष), पिता सकलदेव महतो, निवासी हथवारी, थाना देवीपुर, जिला देवघर के रूप में की गई है।

दो बोलेरो से 1200 लीटर स्प्रिट बरामद

पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली तो भारी मात्रा में स्प्रिट बरामद हुआ। बोलेरो संख्या JH04E 4414 से 10 प्लास्टिक गैलन में कुल करीब 400 लीटर स्प्रिट मिला। वहीं दूसरी बोलेरो संख्या JH15E 7080 से 20 प्लास्टिक गैलन में करीब 800 लीटर स्प्रिट बरामद किया गया। इस प्रकार दोनों वाहनों से कुल 1200 लीटर स्प्रिट जब्त किया गया।

इस मामले में तीनों प्राथमिकी अभियुक्तों के विरुद्ध बुदैई थाना कांड संख्या 49/26, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 274/275 तथा झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a), 47(b), 47(d) एवं 55 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

छापेमारी दल में ये पुलिस पदाधिकारी थे शामिल

कार्रवाई में बुदैई थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक मनोरंजन महतो, पुलिस अवर निरीक्षक रुप सिंह मुनरी, सहायक अवर निरीक्षक सुभाष कच्छप, सहायक अवर निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान एवं स्थानीय चौकीदार शामिल थे।

पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *