रांची: झारखंड में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों की आजीविका को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार की ओर से रांची स्थित होटल चाणक्य बीएनआर में “Leveraging Carbon Market for a Climate Resilient Jharkhand” विषय पर हितधारक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में कार्बन मार्केट के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जलवायु अनुकूल कृषि, कृषि वानिकी, भूमि पुनर्स्थापन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें सरकारी विभागों, वित्तीय संस्थानों, जलवायु विशेषज्ञों, विकास संगठनों और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख संजीव कुमार ने कहा कि कार्बन ट्रेडिंग पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय आजीविका संवर्धन का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उद्योग, खनन, ऊर्जा और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने ISRO के आंकड़ों का हवाला देते हुए झारखंड में लगभग 69 प्रतिशत भूमि क्षरण की चुनौती का उल्लेख किया। उन्होंने जल संरक्षण, व्यापक वृक्षारोपण, भूमि पुनर्स्थापन और बायोगैस जैसे उपायों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
पीपीसीएफ एवं चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन रवि रंजन ने कहा कि कार्बन परियोजनाओं के विकास में स्थानीय समुदायों की आजीविका को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने वैज्ञानिक एवं प्रमाण आधारित आंकड़ों के आधार पर परियोजनाओं के चयन और क्रियान्वयन की आवश्यकता बताई।
वहीं, नाबार्ड के डीजीएम राकेश सिन्हा ने नाबार्ड की योजनाओं एवं वित्तीय सहयोग के माध्यम से किसानों और ग्रामीण समुदायों तक कार्बन वित्त पहुंचाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। पूर्व पीसीसीएफ डॉ. एच.एस. गुप्ता ने कार्बन मार्केट को पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण आजीविका के लिए महत्वपूर्ण बताया। पीसीसीएफ (वेटलैंड) ए.टी. मिश्रा ने आर्द्रभूमि संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन में इसकी भूमिका को रेखांकित किया।
क्लाइमेटेक्स के निदेशक विजय ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राज्य में जलवायु अनुकूल कृषि, कृषि वानिकी और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए कार्बन वित्त की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना है। कार्यक्रम में स्वागत भाषण वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) अनुराधा मिश्रा ने दिया।
वैज्ञानिक तकनीक से होगा कार्बन भंडार का आकलन
कार्यशाला में CLIMATEX की ओर से विभाग के लिए किए गए व्यवहार्यता अध्ययन के निष्कर्ष प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही उपग्रह चित्रों और वैज्ञानिक मॉडल के माध्यम से जैवभार एवं मृदा कार्बन भंडार का आकलन करने के लिए डिजिटल मापन, रिपोर्टिंग एवं सत्यापन (dMRV) उपकरण का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर झारखंड के लिए तैयार “Climate Hazard Mapping for Jharkhand” रिपोर्ट का भी विमोचन किया गया। रिपोर्ट के माध्यम से राज्य की जलवायु संबंधी चुनौतियों और संभावित जोखिमों को समझने में सहायता मिलेगी।
किसानों और जनजातीय समुदायों को मिलेगा लाभ
तकनीकी सत्रों में सरकारी योजनाओं को कार्बन बाजार से जोड़ने, मिश्रित एवं परोपकारी वित्त, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) और प्रभाव निवेश के माध्यम से जलवायु अनुकूल परियोजनाओं का विस्तार करने पर चर्चा हुई।
विशेषज्ञों ने कहा कि कार्बन वित्त का प्रभावी उपयोग झारखंड के किसानों और जनजातीय समुदायों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने की क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यशाला में नाबार्ड, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, GIZ, क्लाइमेट पॉलिसी इनिशिएटिव (CPI), झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), PRADAN, Social Alpha, हिंडाल्को, सिंजेंटा फाउंडेशन तथा एक्सिसिट-एक्सएलआरआई-नाबार्ड इन्क्यूबेशन सेंटर सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।





