रांची। बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए रांची जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 28 और 29 अक्टूबर 2026 के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मौसम की संभावित गंभीरता को देखते हुए जिले के सभी सरकारी, निजी, अनुदानित एवं अन्य विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर को शैक्षणिक गतिविधियां और कक्षाओं का संचालन बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
इस संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर मंगलवार, 27 अक्टूबर को समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित सभागार में जिला आपदा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ मौसम की स्थिति और आवश्यक एहतियाती उपायों पर चर्चा की गई।
50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
जिला प्रशासन के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से रांची जिले में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश, तेज हवाएं, आंधी-तूफान और वज्रपात की आशंका है। इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तेज हवाओं और बारिश के कारण शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव, पेड़ों के गिरने तथा कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। ऐसे में प्रशासन ने आम लोगों से सावधानी बरतने और मौसम की स्थिति को देखते हुए जरूरी कदम उठाने की अपील की है।
दो दिनों तक स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां बंद
ऑरेंज अलर्ट को ध्यान में रखते हुए रांची जिले के सभी सरकारी, निजी, अनुदानित एवं अन्य विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को कक्षाओं का संचालन और शैक्षणिक गतिविधियां बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
इस कदम का उद्देश्य संभावित खराब मौसम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अभिभावकों और विद्यार्थियों से भी अपील की गई है कि वे जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
डीसी की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन की समीक्षा
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में संभावित आपदा की स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जिला नोडल पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन सह अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन की आम लोगों से अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि 28 और 29 अक्टूबर को अनावश्यक यात्रा करने से बचें। तेज हवा और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे तथा असुरक्षित स्थानों पर खड़े न रहें।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि क्षतिग्रस्त बिजली के तारों, बिजली के खंभों और गिरने की आशंका वाले पेड़ों से दूर रहें। खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान देने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
द रांची न्यूज़ स्कोप | खबर ही खबर





