रांची, 28 अक्टूबर 2026। रांची जिले में राजस्व प्रशासन को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बुधवार को समाहरणालय स्थित ब्लॉक-A सभागार में जिले के सभी अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों के साथ बैठक कर कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि राजस्व कार्यों में लापरवाही या किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त ने अंचल कार्यालयों में दलालों और बिचौलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने, लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने तथा आम जनता को राजस्व संबंधी सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, ट्रेनी आईएएस अधिकारी आस्था शरण, उपसमाहर्ता भूमि सुधार मुकेश कुमार, भू-अर्जन पदाधिकारी के.के. राजहंस, भू-बंदोबस्त पदाधिकारी आशुतोष ओझा, उप निदेशक सामाजिक सुरक्षा रविशंकर मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
30 और 90 दिनों से लंबित दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के विभिन्न अंचलों में 30 दिनों तथा 90 दिनों से अधिक समय से लंबित दाखिल-खारिज मामलों की अंचलवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबे समय से लंबित भूमि संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों के अनावश्यक रूप से लंबित रहने से आम लोगों को परेशानी होती है। इसलिए सभी अधिकारी मामलों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें।
अंचलों में दलाल-बिचौलियों पर लगेगी रोक
राजस्व कर्मियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने अंचल कार्यालयों में दलालों और बिचौलियों की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना अनिवार्य है। आम जनता को अपने काम के लिए किसी बिचौलिए पर निर्भर नहीं रहना पड़े।
उन्होंने राजस्व कर्मियों को अपने व्यवहार और कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि लापरवाही और अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आदिवासी भूमि की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
बैठक में आदिवासी भूमि के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आदिवासियों की जमीन पर अवैध कब्जे और गैरकानूनी हस्तांतरण के मामलों में विशेष सतर्कता बरती जाए। ऐसे मामलों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आदिवासी समुदाय की भूमि और उनके अधिकारों की रक्षा हो सके।
पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा
उपायुक्त ने नामकुम, अनगड़ा और ओरमांझी अंचलों में पर्यटन विकास की संभावनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता और संभावित पर्यटन स्थलों के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों का समुचित विकास होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को गति देने की आवश्यकता है।
विकास परियोजनाओं के लिए भूमि चिह्नित करने में तेजी
जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान और आवंटन प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश भी दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों के लिए आवश्यक जमीन को समयबद्ध तरीके से चिह्नित किया जाए और भूमि आवंटन की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में शिक्षण संस्थानों के लिए भूमि उपलब्ध कराने सहित विकास से जुड़ी आवश्यकताओं पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के विस्तार से स्थानीय विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और जिले के शैक्षणिक विकास को गति मिलेगी।
प्रमाण पत्र जारी करने में देरी नहीं हो
उपायुक्त ने नगर विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक प्रमाण पत्रों को निर्धारित समय-सीमा में जारी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रमाण पत्रों के लिए आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इसके साथ ही उत्तराधिकार दाखिल-खारिज यानी सक्सेशन म्यूटेशन तथा भूमि नापी से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई।
जनता दरबार की शिकायतों का शीघ्र समाधान
उपायुक्त ने जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेने और उनके त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और प्रत्येक मामले में संबंधित अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्रवाई करें।
बैठक में अनुपस्थित कर्मचारी पर कार्रवाई
बैठक में बिना कारण बताए अनुपस्थित रहने वाले हल्का कर्मचारी-8 विजय उरांव के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
जनसेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बैठक के अंत में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मियों को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। राजस्व व्यवस्था को पारदर्शी, प्रभावी और जनहितैषी बनाने के लिए सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करना होगा।





