रांची। नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध आग्नेयास्त्र और चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी हाईटेंशन ग्राउंड के पास स्थित एक खंडहर भवन में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को 2 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि अपराधकर्मी छोटु उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन अपने सहयोगियों के साथ हथियार के बल पर आपराधिक घटना की योजना बना रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मु.) प्रथम के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने हाईटेंशन ग्राउंड स्थित खंडहर भवन के पास पहुंचकर जांच की तो वहां यामहा FZ और बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली। दोनों वाहनों पर एक-एक व्यक्ति मौजूद था। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटु उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन (34 वर्ष) और फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटु (26 वर्ष) के रूप में हुई है।
पिस्टल, कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान छोटु के पास से एक पिस्टल, मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा चोरी की दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। इनमें यामहा FZ (JH-02BD-4001) और बुलेट (JH01DK-8438) शामिल हैं।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दोनों मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने हथियार का इस्तेमाल छिनतई और लूटपाट जैसी घटनाओं में करने की बात भी बताई है।
इस मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 272/26, दिनांक 02.10.2026 के तहत BNS एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।
दोनों आरोपियों पर कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी छोटु उर्फ गुरफान खान के खिलाफ रांची के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी और छिनतई से जुड़े कुल 17 मामले दर्ज हैं।
वहीं, फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटु के खिलाफ जगरनाथपुर, अरगोड़ा और डेली मार्केट थाना में लूट, चोरी और छिनतई से जुड़े कुल 4 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी शामिल रहे
कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मु.) प्रथम श्री अमर कुमार पाण्डेय, नामकुम थाना प्रभारी श्री रामनारायण सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार, सोनू कुमार दास, शशि रंजन, जयदेव कुमार सराक, सहायक अवर निरीक्षक अरविन्द त्रिपाठी, उज्जवल कुमार सिंह, तारकेश्वर प्रसाद केसरी, सत्येन्द्र सिंह सहित नामकुम थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
बरामदगी:
- पिस्टल – 1
- मैगजीन – 1
- जिंदा कारतूस – 3
- मोटरसाइकिल – 2






