नामकुम में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 79.44 लीटर शराब के साथ तीन गिरफ्तार

SHARE:

रांची। नामकुम थाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग दुकानों और होटल में छापेमारी कर कुल 79.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब एवं बीयर बरामद की है। बरामद शराब की कुल संख्या 173 बोतल/कैन बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को 3 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम क्षेत्र के तुंजू-नचलदाग एवं बुतियो इलाके में कुछ दुकानों और होटल में बिना वैध कागजात के विदेशी शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मु.) प्रथम के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।

होटल से 24.5 लीटर शराब बरामद

छापेमारी के दौरान ग्राम तुंजू, नचलदाग स्थित बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो के होटल से कुल 53 बोतल अंग्रेजी शराब एवं बीयर, जिसकी मात्रा करीब 24.5 लीटर बताई गई, बरामद हुई। पुलिस के अनुसार शराब से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर इसे जब्त कर लिया गया और बजरंग महतो को गिरफ्तार कर लिया गया।

दो दुकानों से भी भारी मात्रा में शराब बरामद

इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम बुतियो स्थित शिव शंकर बड़ाईक एवं शिवा बड़ाईक की दुकानों में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार शिव शंकर बड़ाईक की दुकान के फ्रिज और अन्य स्थानों से 79 बोतल/कैन, करीब 38.39 लीटर शराब एवं बीयर बरामद की गई।

वहीं शिवा बड़ाईक की दुकान से 41 बोतल/कैन, करीब 16.55 लीटर शराब एवं बीयर बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि बरामद शराब के संबंध में दोनों दुकानों के संचालकों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया।

छापेमारी के दौरान शिव शंकर बड़ाईक के मौके से फरार होने की बात पुलिस ने बताई है। पुलिस ने उसके पुत्र पंकज बड़ाईक को गिरफ्तार किया। मामले में शिव शंकर बड़ाईक की गिरफ्तारी भी पुलिस द्वारा बताई गई है।

इन लोगों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—

  1. बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो, उम्र करीब 48 वर्ष, निवासी नचलदाग, तुंजू।
  2. शिव शंकर बड़ाईक, उम्र करीब 50 वर्ष।
  3. पंकज बड़ाईक, उम्र करीब 29 वर्ष, निवासी थाना नामकुम क्षेत्र।

इस कार्रवाई के संबंध में नामकुम थाना कांड संख्या 274/26, दिनांक 03.10.2026 के तहत BNS एवं एक्साइज एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद

पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में Kingfisher Strong Beer, Godfather Strong Beer, Sterling Reserve B7 Whisky, ICONIQ White Whisky, 8PM Premium Black Elite Whisky और McDowell’s Luxury Whisky समेत अन्य ब्रांड शामिल हैं।

कुल बरामदगी:

  • अंग्रेजी शराब/बीयर: 79.44 लीटर
  • कुल बोतल/कैन: 173

छापेमारी दल में शामिल रहे पुलिसकर्मी

कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मु.) प्रथम श्री अमर कुमार पाण्डेय, नामकुम थाना प्रभारी श्री रामनारायण सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार, सहायक अवर निरीक्षक उज्जवल कुमार सिंह, तारकेश्वर प्रसाद केसरी, सत्येन्द्र सिंह, बिपुल चन्द्र मंडल सहित नामकुम थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें