राँची, 11 सितंबर 2026: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में सड़क पर वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने तथा उसके गले से सोने की चेन छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, 06 सितंबर 2026 को करीब शाम 4 बजे पिंकू कुमार चौधरी, पिता सत्यदेव चौधरी, निवासी अमरूद्ध बगान गली, न्यू मधुकम रोड, सुखदेवनगर, अपनी कार से घर की ओर जा रहे थे। हरेगोबिंद नर्सिंग होम के पास सड़क पर कार एवं टेम्पो खड़ा होने के कारण उन्होंने टेम्पो चालक सूरज यादव से वाहन हटाने का अनुरोध किया।
आरोप है कि इसके बाद सूरज यादव अपने पुत्रों रोहित यादव, मोहित यादव एवं अंशु यादव तथा अन्य चार-पाँच लोगों को मौके पर बुलाकर लाए और पिंकू कुमार चौधरी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करने लगे। वादी द्वारा घटनास्थल से भागने का प्रयास करने पर आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और जान से मारने की नीयत से गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन छीनने तथा धमकी देने का भी आरोप है।
घटना के संबंध में पिंकू कुमार चौधरी के आवेदन पर सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या 308/26, दिनांक 07.09.2026, धारा 126(2)/115(2)/109(1)/304(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, चेन बरामद
वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक, कोतवाली के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई। इसी क्रम में 10 सितंबर 2026 की रात पुलिस ने दो आरोपियों को उनके घर से विधिवत गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मामले में छीनी गई सोने की चेन मोहित कुमार के घर से बरामद कर विधिवत जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी:
- मोहित कुमार (21 वर्ष), पिता सूरज यादव, निवासी अमरूद्ध बगान गली, लाह कोठी, रातू रोड, थाना सुखदेवनगर, राँची।
- राजेन्द्र महली (23 वर्ष), पिता स्व. गणेश महली, निवासी खादगढ़ा मिलन चौक, रातू रोड, थाना सुखदेवनगर, राँची।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
छापामारी दल
छापामारी दल में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुखदेवनगर सुनील कुमार कुशवाहा, पुलिस अवर निरीक्षक उमेश चन्द्र महतो, पुलिस अवर निरीक्षक बजरंग टोप्पो, सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार सहित अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।
बरामदगी: 01 सोने की चेन।






