राँची, 11 सितंबर 2026: राँची जिला में सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आज पुलिस अधीक्षक यातायात, राँची की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक यातायात प्रथम एवं द्वितीय, सभी यातायात थाना प्रभारी एवं यातायात पुलिस के अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी गणेश पूजा, करमा पूजा, दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा तथा अक्टूबर माह में प्रस्तावित क्रिकेट मैच को लेकर यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ट्रैफिक ने पर्व-त्योहारों एवं बड़े आयोजनों के दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर होगी कार्रवाई
बैठक में ब्लैक शीशा, फैन्सी नंबर प्लेट, मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, रैश/रेस ड्राइविंग और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने वाले वाहनों, बिना यूनिफॉर्म ऑटो-टोटो चलाने वाले चालकों तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में भी मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वाहनों की नंबर प्लेट पर टेप लगाकर नंबर छिपाने अथवा गलत तरीके से नंबर लिखने वाले वाहनों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
लेफ्ट फ्री और चौक-चौराहों पर वाहन खड़ा करने पर सख्ती
एसपी ट्रैफिक ने कहा कि कई यातायात पोस्टों पर लेफ्ट फ्री रहने के बावजूद वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से ऑटो एवं टोटो खड़े करने वालों पर भी मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम से समन्वय
सड़क पर अतिक्रमण कर लगाए गए अनावश्यक दुकानों, ठेला आदि को हटाने के लिए राँची नगर निगम की टीम के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। इसका उद्देश्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात को सुचारू बनाना है।
बारिश और स्कूल टाइम में विशेष निगरानी
बारिश के कारण जिन स्थानों पर अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, वहां सभी यातायात थाना प्रभारी भ्रमणशील रहेंगे। आवश्यकता के अनुसार क्यूआरटी एवं अभियान टीम की तैनाती कर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जाएगा।
स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय भी यातायात थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे। चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक यातायात, राँची ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को दिए गए निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।





