सिमडेगा, 11 सितंबर 2026। जिला प्रशासन सिमडेगा की ओर से जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों और कर्मियों की क्षमता वृद्धि तथा सरकारी कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 एवं 11 सितंबर को दो दिवसीय AI कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार की ओर से तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार नई तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को लेकर सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में जिला प्रशासन सिमडेगा की यह पहल महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सिमडेगा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विकासात्मक पहलों के माध्यम से निरंतर प्रगति कर रहा है। ऐसे में AI जैसी आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग प्रशासनिक कार्यों को तेज, गुणवत्तापूर्ण और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। AI की मदद से पदाधिकारी कम समय में अधिक प्रभावी ढंग से कार्यों का निष्पादन कर सकेंगे। साथ ही सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने और आम नागरिकों तक योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
AI टूल्स का कराया गया व्यावहारिक अभ्यास
दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान JSLPS एवं GDI Partners के तकनीकी विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को AI की अवधारणा, इसके विभिन्न उपयोगों और सरकारी कार्यों में इसकी संभावनाओं की जानकारी दी। विभिन्न AI टूल्स से परिचित कराने के साथ Hands-on Practical Sessions भी आयोजित किए गए, ताकि पदाधिकारी एवं कर्मी अपने दैनिक सरकारी कार्यों में AI का व्यावहारिक उपयोग कर सकें।
प्रशिक्षण का संचालन एवं तकनीकी मार्गदर्शन GDI के विशेषज्ञ अंशुल गुप्ता एवं जान्हवी बहादुर ने किया। वहीं JSLPS की ओर से राज्य स्तरीय पदाधिकारी बिष्णु चरण परिडा, अमित जैन, हेम राज सहित अन्य अधिकारियों ने प्रशिक्षण के समन्वय एवं तकनीकी सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यशाला के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। जिला प्रशासन की इस पहल को सरकारी कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी, प्रभावी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





