देवघर में साइबर ठगी के आरोप में 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 12 मोबाइल और 13 सिम बरामद

SHARE:

देवघर: पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 21 अगस्त 2026 को पाथरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर 6 संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पाथरड्डा ओपी क्षेत्र में साइबर अपराधी Flipkart/Amazon Pay के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank अधिकारी, Google Pay/PhonePe कस्टमर केयर प्रतिनिधि तथा पीएम किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक तकनीकी जांच में उनके पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड के साइबर ठगी में इस्तेमाल होने के संकेत मिले हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:

  1. संजीत कुमार दास, उम्र करीब 21 वर्ष, निवासी चोरमारा।
  2. सरोज कुमार दास, उम्र करीब 21 वर्ष, निवासी चोरमारा।
  3. नितेश कुमार दास, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी चोरमारा।
  4. मुन्ना कुमार दास, उम्र करीब 33 वर्ष, निवासी रंगामटिया चारों, थाना सारठ, पाथरड्डा ओपी।
  5. शिवनंदन कुमार, उम्र करीब 21 वर्ष, निवासी पिपरा।
  6. अनवर अंसारी, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी रंगा, थाना पाथरौल।

सभी आरोपी देवघर जिले के रहने वाले बताए गए हैं।

ऐसे करते थे साइबर ठगी

पुलिस के अनुसार, आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इनमें फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देकर ठगी करना शामिल था।

इसके अलावा आरोपी PM Kisan Yojna, बिजली बिल और RTO Challan के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने और उसके बाद ठगी करने का काम करते थे।

आरोपियों पर फर्जी Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेने का भी आरोप है। वे Airtel Thanks App के माध्यम से कार्ड बंद होने का झांसा देकर उसे दोबारा चालू कराने के नाम पर लोगों से ठगी करते थे।

12 मोबाइल और 13 सिम बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच के बाद बरामद मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में संजीत दास और सरोज कुमार दास पूर्व में भी क्रमशः देवघर साइबर थाना कांड संख्या 68/25 और 136/24 में आरोपित रहे हैं।

कार्रवाई में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक नागेन्द्र प्रसाद सिन्हा, पाथरड्डा ओपी प्रभारी मोतीराम देवगम एवं उनकी टीम तथा पाथरौल थाना प्रभारी दिलीप कुमार विलुंग एवं पाथरौल थाना की टीम शामिल रही।

पुलिस द्वारा मामले में आगे की तकनीकी जांच की जा रही है और बरामद मोबाइल एवं सिम से जुड़े अन्य साइबर अपराधों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *