इन्द्रपुरी में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का खुलासा, 5 गिरफ्तार

SHARE:

रांची। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इन्द्रपुरी रोड नंबर-14 में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुरुषों और एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 11.16 ग्राम ब्राउन शुगर, 1,34,015 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक स्कूटी और एक वैगनआर कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 की रात करीब 8:05 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि इन्द्रपुरी रोड नंबर-14 स्थित रेणु तिर्की के घर में प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के नियंत्रण में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया।

करीब 8:40 बजे पुलिस टीम ने उक्त घर की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ लिया।

पुलिस ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में आरोपियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सुशील तिर्की के पास 3.06 ग्राम ब्राउन शुगर और 29,900 रुपये, राजकुमार राम के पास 3.91 ग्राम ब्राउन शुगर और 5,095 रुपये, मो. दानिश उर्फ मनु के पास 1.38 ग्राम ब्राउन शुगर, सुमित तिर्की के पास 1.90 ग्राम ब्राउन शुगर और 33,200 रुपये तथा रेणु तिर्की के पास 0.91 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार रेणु तिर्की की निशानदेही पर ब्राउन शुगर की बिक्री से संबंधित 65,820 रुपये भी बरामद किए गए।

इस तरह पुलिस ने कुल 11.16 ग्राम ब्राउन शुगर और 1,34,015 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन, स्कूटी संख्या JH01FS-8644 और वैगनआर कार संख्या JH01BD-4506 को भी जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशील तिर्की (25), राजकुमार राम (43), मो. दानिश उर्फ मनु (24), सुमित तिर्की (20) और रेणु तिर्की (45) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सुमित तिर्की का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट से संबंधित आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 359/25, दिनांक 10 जुलाई 2025, धारा 21(बी)/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 283/2026, दिनांक 13 अगस्त 2026, धारा 20(बी)/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छापामारी टीम में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय, अंचलाधिकारी हेहल धनश्याम राम, सुखदेवनगर थाना के थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा सहित पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस की इस कार्रवाई से इन्द्रपुरी क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *