पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के मद्यपाड़ा और शहरकोल में बंद घरों में हुई चोरी की दो घटनाओं का पाकुड़ पुलिस ने महज दो दिनों के अंदर उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी का सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 की रात मद्यपाड़ा एवं शहरकोल में दो बंद घरों को चोरों ने निशाना बनाया था। चोर घरों से कांसा की थाली, चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, पीतल के बजरंगबली एवं बाल गोपाल की मूर्ति, इंडक्शन चूल्हा, बिजली का तार व स्वीच, सोने की अंगूठी तथा 20 हजार रुपये नकद समेत कई सामान चोरी कर ले गए थे।
घटना के संबंध में पाकुड़ नगर थाना में कांड संख्या 192/2026 और 193/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल/SIT का गठन किया गया।
SIT ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया।
चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोनी शेख, निवासी मोहब्बतपुर, मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल), वर्तमान पता मौलाना चौक पाकुड़; मो. इस्माईल हक, निवासी रघुनन्दनपुर, मुर्शिदाबाद; सागर मंडल, निवासी शहरकोल, पाकुड़; तथा हबीब उर्फ सुरज शेख, निवासी नया बल्लभपुर, पाकुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से तीन का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कांसा की दो थाली, दो कटोरे और एक दिया, पीतल की बाल्टी, इंडेन गैस रेगुलेटर, प्रेस्टीज इंडक्शन चूल्हा, करीब 5 मीटर लाल-काला बिजली का तार, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार, 900 रुपये नकद, एक गुलेल तथा पीतल जैसे धातु के दरवाजे के दो स्टॉपर बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में आगे की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज दो दिनों में चोरी की घटना का खुलासा होने से इलाके में पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।






