राँची। राजधानी राँची में लगातार हो रही चैन छिनतई और वाहन चोरी की घटनाओं के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 15 से अधिक चैन छिनतई और मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों में संलिप्त एक गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से सोने-चाँदी के आभूषण, नकदी, चोरी की दो मोटरसाइकिल समेत कई सामान बरामद किए गए हैं।
मामला नगड़ी थाना कांड संख्या 136/26, दिनांक 05 अगस्त 2026, धारा 304(2) बीएनएस से जुड़ा है। 5 अगस्त को दलादली रिंग रोड में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात अपराधियों ने एक महिला के गले से चैन छीन ली थी। घटना की सूचना मिलते ही दलादली टीओपी प्रभारी ने आसपास के थानों को सूचना देकर वाहन चेकिंग शुरू कराई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पूर्व के अपराधियों से जुड़े इनपुट और तकनीकी सहयोग के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
15 से अधिक वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने राँची के अलग-अलग इलाकों में 15 से अधिक चैन छिनतई और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि छिनी गई सोने की चैन को एक दुकानदार के पास बेचा जाता था। पुलिस ने संबंधित दुकानदार दीपक सोनार को भी गिरफ्तार किया है। उसके पास से गलाए गए सोने से बनाए गए आभूषण और नकदी बरामद की गई है।
चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में फनी सोनार (28), मो. फहीम अंसारी (27), मो. साकिब उर्फ देवा (30) और दीपक सोनार (37) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मो. साकिब उर्फ देवा और मो. फहीम अंसारी के खिलाफ राँची के विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से—
- करीब 26 ग्राम सोने के चैन के टुकड़े एवं गलाए हुए सोने से बने आभूषण
- करीब 240 ग्राम चाँदी की 18 चैन
- 3 स्मार्टफोन
- 44 हजार रुपये नकद
- 2 मोटरसाइकिल, जिसमें एक पल्सर और एक अपाचे
- घटना में प्रयुक्त हेलमेट, जूते और कपड़े
- वजन मापक यंत्र
बरामद किया है।
पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कई मामलों में रहा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार मो. साकिब उर्फ देवा के खिलाफ सिल्ली, कोतवाली, बरियातू, जगन्नाथपुर, अरगोड़ा, डोरंडा, लोअर बाजार और गोंदा थाना समेत विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चैन छिनतई, लूट, एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं।
वहीं मो. फहीम अंसारी के खिलाफ भी जगन्नाथपुर और अरगोड़ा थाना क्षेत्र में वर्ष 2019 से 2023 के बीच चैन छिनतई और लूट से संबंधित कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
छापामारी टीम की भूमिका
छापामारी अभियान में दलादली टीओपी प्रभारी पुअनि सत्य प्रकाश उपाध्याय, पुंदाग ओपी प्रभारी पुअनि संजीव कुमार, पुअनि बुलेट गोराई, पुअनि संदीप राज, पुअनि निर्मल महतो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
राँची पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में चैन छिनतई और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।






