गोड्डा, 26 जुलाई: झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने रविवार को मेहरमा प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित मेगा लीगल एम्पावरमेंट कैंप का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। जिला प्रशासन गोड्डा एवं प्रखंड कार्यालय मेहरमा द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता समाज के प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के न्याय, सम्मान और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि न्याय किसी वर्ग, जाति, धर्म या लिंग का विशेषाधिकार नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को दिया गया समान अधिकार है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई लोग अपने कानूनी अधिकारों का लाभ नहीं उठा पाते, इसलिए ऐसे विधिक सशक्तिकरण शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
मंत्री ने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों की भागीदारी सुनिश्चित कर लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाकर अपने जीवन को अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाएं।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया। अबुआ आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया, स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया गया तथा पात्र लाभुकों को राशन कार्ड, श्रम कार्ड सहित अन्य लाभ प्रदान किए गए।
इसके अलावा छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से साइकिलें वितरित की गईं, जबकि दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की गई। शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श की भी व्यवस्था की गई, जिसका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
शिविर में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर निःशुल्क विधिक परामर्श, अपने अधिकारों की जानकारी और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त किया।
अपने संबोधन के अंत में मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से प्रत्येक नागरिक तक न्याय, अधिकार, सम्मान और विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के जनहितकारी शिविर विधिक जागरूकता बढ़ाने के साथ नागरिकों और शासन के बीच विश्वास को और मजबूत करेंगे।






