रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोवंश चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, 5 पशु व स्कॉर्पियो बरामद

SHARE:

रांची, 26 जुलाई: रांची ग्रामीण पुलिस ने गोवंशीय पशुओं की चोरी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए पांच गोवंशीय पशु, एक स्कॉर्पियो वाहन, मोबाइल फोन और रस्सियां बरामद की हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, 25-26 जुलाई की रात करीब 1 बजे गुप्त सूचना मिली कि राजा उल्लातु क्षेत्र में एक संगठित गिरोह गोवंशीय पशुओं की चोरी की नीयत से जुटा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान ग्राम राजाउल्लातु परताडीह टोला के पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो के पास 7-8 लोग पशुओं को वाहन पर लाद रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी आरोपी स्कॉर्पियो और पशुओं को छोड़कर भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने तबरेज अंसारी (35 वर्ष), निवासी काटमकुली, थाना पिठौरिया, रांची को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि गिरोह रांची के ग्रामीण क्षेत्रों से गाय, बैल, बकरी और बछड़ों की चोरी करता था। पुलिस ने मौके से तीन बछड़े, एक बैल, एक गाय, एक रियलमी एंड्रॉयड मोबाइल, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (JH13A-6737) तथा तीन प्लास्टिक की रस्सियां बरामद कीं।

इस संबंध में नामकुम थाना कांड संख्या 198/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS), Prevention of Cruelty to Animals Act, 1960 तथा Jharkhand Bovine Animal Prohibition Slaughter Act, 2005 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

छापेमारी दल में शामिल पुलिस एवं बलः-

1. श्री रामनारायण सिंह, पु०नि० सह थाना प्रभारी, नामकुम थाना, राँची,

2. पु०अ०नि० जयदेव कुमार सराक, नामकुम थाना, राँची,

3. पु०अ०नि० गौतम कुमार, नामकुम थाना, राँची,

4. स०अ०नि० उज्जवल कुमार सिंह, नामकुम थाना, राँची,

5. नामकुम थाना रिर्जव गार्ड के सशस्त्र बल।

पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *