रांची, 26 जुलाई। रांची पुलिस ने मोबाइल टावरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के उपकरण चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के चोरी गए टावर उपकरण, बैटरियां, आरएम मशीनें, चार्जिंग मशीन, केबल, तीन वीवो मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार (JH01EL-4898) बरामद कर जब्त की है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 33 मोबाइल टावर चोरी कांडों का सफल उद्भेदन हुआ है।
यह कार्रवाई चान्हों थाना कांड संख्या-55/26 (दिनांक 01 मई 2026) के अनुसंधान के दौरान की गई।
तकनीकी जांच से पुलिस पहुंची गिरोह तक
अप्रैल 2026 में चान्हों थाना क्षेत्र के सिलागाई, फुलडीह और पतरातु गांवों में स्थित मोबाइल टावरों से अज्ञात चोरों ने महंगे उपकरण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में अभिमन्यु साहु की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था।
नेटवर्क कंपनियों से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में डीएसपी खलारी रामनारायण चौधरी एवं पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश राणा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।
टीम ने पिछले एक वर्ष की घटनाओं का तकनीकी विश्लेषण किया। घटनास्थलों से जुटाए गए साक्ष्य, मोबाइल नंबरों की जांच तथा तकनीकी शाखा के सहयोग से पुलिस तौफिक अंसारी तक पहुंची। पूछताछ में उसने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने अकमल अंसारी, मुबारक अंसारी तथा चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी गौरी कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व साइट मैनेजर ने बनाया था चोरी का प्लान
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि तौफिक अंसारी पहले जियो कंपनी में साइट मैनेजर था। उसे मोबाइल टावरों में लगे महंगे उपकरणों की पूरी जानकारी थी। उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न थाना क्षेत्रों के मोबाइल टावरों को निशाना बनाया। चोरी के बाद सामान को कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित रेनडोर में कबाड़ी गौरी कुमार को बेच दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार मोबाइल नेटवर्क कंपनियों के लिए टावरों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। इस गिरोह की गिरफ्तारी से भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
- 4 आरोपी गिरफ्तार
- 33 मोबाइल टावर चोरी कांडों का खुलासा
- जियो कंपनी का पूर्व साइट मैनेजर निकला मास्टरमाइंड
- लाखों रुपये के उपकरण बरामद
- वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार जब्त
- टावर बैटरी, आरएम मशीन, चार्जिंग मशीन, केबल और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपी
1. अकमल अंसारी (29 वर्ष)
पिता- स्व. कुर्बान अंसारी, निवासी पिस्का नगड़ी, थाना नगड़ी, जिला रांची।
2. तौफिक अंसारी (30 वर्ष)
जियो कंपनी का पूर्व साइट मैनेजर। पिता- सिद्दीक अंसारी, निवासी राजाडेरा, थाना अनगड़ा, जिला रांची।
3. मुबारक अंसारी (26 वर्ष)
पिता- मंजूर अंसारी, निवासी इलाही नगर, थाना पुन्दाग, जिला रांची।
4. गौरी कुमार (27 वर्ष)
कबाड़ी। पिता- महेश्वर साह, मूल निवासी महुआवा, थाना बथहा, जिला सीतामढ़ी (बिहार), वर्तमान पता- बर्तना रेनडोर, थाना कांके, जिला रांची।
बरामद सामान
- वीवो कंपनी के स्क्रीन टच मोबाइल – 03
- बलेनो कार (JH01EL-4898)
- लगभग 75 फीट केबल
- लगभग 20 किलोग्राम केबल
- टावर में प्रयुक्त आरएम मशीन – 03
- टावर बैटरी चार्जिंग मशीन – 01
- टावर बैटरी – 05
आपराधिक इतिहास
तौफिक अंसारी
- अनगड़ा थाना कांड संख्या-57/25
- कालियाचक (मालदा, पश्चिम बंगाल) NDPS Act का मामला
अकमल अंसारी
- अनगड़ा थाना कांड संख्या-57/25
- गुमला थाना कांड संख्या-268/23
33 मामलों का हुआ उद्भेदन
इस गिरोह की गिरफ्तारी के बाद पिठौरिया, कांके, नगड़ी, रातू, ओरमांझी, सिकिदिरी, अनगड़ा, बुढ़मू, ठाकुरगांव, मांडर, खलारी, चान्हों, इटकी, बेड़ो, लापुंग, बुंडू और राहे थाना क्षेत्रों में दर्ज कुल 33 मोबाइल टावर चोरी कांडों का सफल खुलासा हुआ है।
कार्रवाई करने वाली टीम
कार्रवाई में डीएसपी रामनारायण चौधरी, पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश राणा, थाना प्रभारी टिंकु रजक, शुभम कुमार, मनोज करमाली, सतीश पाण्डेय, गौतम कुमार रजवार, अभिषेक राय, तकनीकी शाखा के बलेन्द्र कुमार सिंह, देवेन्द्र उरांव, बिरेन्द्र कुमार सिंह सहित चान्हों, ठाकुरगांव, मांडर और अनगड़ा थाना के पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






