हत्या की साजिश नाकाम, लोहरदगा पुलिस ने हथियार के साथ दो अपराधियों को दबोचा, एक फरार

SHARE:

लोहरदगा: लोहरदगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश को विफल कर दिया। पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक अल्टो कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को करीब 11:45 बजे सूचना मिली थी कि नीले रंग की अल्टो कार से तीन युवक अवैध हथियार लेकर सोबरनटोली से जुरिया की ओर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही लोहरदगा थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

करीब 12 बजे सोबरनटोली में पुलिस ने संदिग्ध अल्टो कार (जेएच-07बी-7575) को घेर लिया। पुलिस वाहन को देखते ही कार की पिछली सीट पर बैठा एक युवक कूदकर गलियों के रास्ते फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने कार में सवार दो अन्य युवकों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुसैन अंसारी (36 वर्ष), निवासी लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला तथा अजय साहू (30 वर्ष), निवासी बीआईडी प्रेमनगर, लोहरदगा के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान संजय लोहरा, निवासी लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान अजय साहू की कमर से एक 7.65 एमएम की देशी पिस्टल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे तीनों मिलकर एक व्यक्ति की हत्या करने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से उनकी साजिश नाकाम हो गई।

पुलिस ने इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 102/2026 के तहत बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पहले से दर्ज हैं कई संगीन मामले

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अजय साहू के खिलाफ अपहरण, डकैती और दुष्कर्म सहित गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी संजय लोहरा पर भी लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

बरामद सामान

  • एक 7.65 एमएम देशी पिस्टल
  • एक मैगजीन
  • चार जिंदा कारतूस
  • एक सैमसंग मोबाइल फोन
  • अल्टो कार (जेएच-07बी-7575)

लोहरदगा पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *