रांची, 20 जुलाई: डूरंड कप 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रांची के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई 2026 से मोरहाबादी स्टेडियम परिसर में 12 टिकट काउंटरों के माध्यम से टिकट वितरण शुरू होगा। टिकट प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। दर्शकों को निःशुल्क टिकट दिए जाएंगे, लेकिन टिकट प्राप्त करने के लिए वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
उपायुक्त ने टिकट काउंटरों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि टिकट वितरण प्रक्रिया सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। बैठक में टिकटों के रंग, दर्शकों की बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और मैच दिवस की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं और फायर ब्रिगेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों की सुरक्षित आवाजाही, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ प्रबंधन, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और नियंत्रण कक्ष जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि डूरंड कप देश का प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट है और इसके सफल आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।






