रांची, 21 जुलाई। दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट-2026 का सोमवार को भव्य शुभारंभ अपर पुलिस महानिदेशक (दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र) मनोज कौशिक ने गुब्बारे उड़ाकर किया। तीन दिवसीय यह खेल महोत्सव 21 से 23 जुलाई तक आयोजित होगा, जिसमें रांची, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा जिले के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ADG मनोज कौशिक ने कहा कि पुलिसकर्मी वर्षभर 24 घंटे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने के कारण उन पर शारीरिक और मानसिक दबाव रहता है। ऐसे में खेलकूद तनाव कम करने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और शारीरिक-मानसिक फिटनेस को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारियों और जवानों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देती हैं, जिससे संगठनात्मक एकजुटता और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
स्पोर्ट्स मीट के दौरान एथलेटिक्स, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, कबड्डी, वुशु, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, योग, भारोत्तोलन, कराटे, जूडो, जिम्नास्टिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती और क्रिकेट सहित कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता के पहले दिन दौड़ समेत विभिन्न एथलेटिक्स और अन्य खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। शेष प्रतियोगिताएं आगामी दो दिनों तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेंगी। प्रतियोगिता का समापन एवं विजेताओं का सम्मान समारोह 23 जुलाई 2026 को होगा।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पुलिस उपाधीक्षक, अन्य पुलिस पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।






