रांची में स्कूटी चोरी और मोबाइल छिनतई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच अपराधी गिरफ्तार

SHARE:

रांची: राजधानी रांची में स्कूटी चोरी और राह चलते लोगों से मोबाइल एवं पैसे की छिनतई करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन स्कूटी, दो मोबाइल फोन, छिनतई के 1700 रुपये नकद और एक मास्टर चाबी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली, सुखदेवनगर थाना एवं पंडरा ओपी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से स्कूटी चोरी और राहगीरों से मोबाइल व पैसे छिनतई की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची ने सहायक पुलिस अधीक्षक, कोतवाली के नेतृत्व में तीनों थानों के पुलिस पदाधिकारियों की विशेष टीम गठित की थी।

गठित टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में 2 नवंबर 2026 को शहीद चौक के पास से चोरी की एक स्कूटी बरामद की गई। इसके बाद 5 नवंबर की शाम गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

चोरी की स्कूटी से करते थे छिनतई

पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि विष्णु साव और राजन कुमार उर्फ मुखिया इस गिरोह के मुख्य सरगना हैं। गिरोह के सदस्य शहर में घूम-घूमकर स्कूटी चोरी करते थे और उसी चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल कर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन और नकदी छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके अलावा निर्माणाधीन मकानों से कीमती बिजली के तारों की चोरी भी करते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कई का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी जेल जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

विष्णु साव (21 वर्ष), निवासी न्यू मधुकम, शास्त्री नगर, सुखदेवनगर।
राजन कुमार उर्फ मुखिया (18 वर्ष), निवासी न्यू मधुकम, सुखदेवनगर।
रौनक नायक (22 वर्ष), निवासी रुगड़ीगड़ा, पिस्का मोड़।
अर्पित मिंज (20 वर्ष), निवासी रुगड़ीगड़ा, फुटकलकोचा।
राहुल कुमार (25 वर्ष), निवासी न्यू पुलिस लाइन, गोंदा।
आठ आपराधिक कांडों का खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने कोतवाली, सुखदेवनगर, पंडरा ओपी और नगड़ी थाना (दलादली ओपी) से जुड़े कुल आठ कांडों का उद्भेदन किया है।

इनमें कोतवाली थाना के दो, सुखदेवनगर थाना के एक, पंडरा ओपी के तीन तथा नगड़ी थाना (दलादली ओपी) का एक कांड शामिल है। पुलिस विज्ञप्ति में सुखदेवनगर थाना का एक अन्य कांड भी सूचीबद्ध है।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, राजन उर्फ मुखिया के खिलाफ तीन, राहुल कुमार के खिलाफ चार, अर्पित मिंज के खिलाफ दो, रौनक नायक के खिलाफ एक और विष्णु साव के खिलाफ तीन पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है।

छापेमारी टीम में ये अधिकारी थे शामिल

इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी पु०नि० सनोज कुमार चौधरी, सुखदेवनगर थाना प्रभारी पु०नि० सुनील प्रसाद कुशवाहा, पंडरा ओपी प्रभारी पु०अ०नि० विवेक कुमार, पु०अ०नि० प्रदीप कुमार राय, पु०अ०नि० मीनकेतन कुमार, पु०अ०नि० राहुल मेहता सहित महिला एवं पुरुष सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी गई शेष स्कूटी की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *