राँची: राँची पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए माण्डर थाना क्षेत्र के मलटोटी गांव में संचालित अवैध अंग्रेजी शराब निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड के नाम पर तैयार की जा रही शराब, हजारों खाली बोतलें, ब्रांडेड कंपनियों के स्टीकर, क्यूआर कोड, पैकेजिंग सामग्री और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची को गुप्त सूचना मिली थी कि मलटोटी गांव में बड़े पैमाने पर अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी सिटी एवं एसपी ग्रामीण के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-द्वितीय) अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
गठित टीम ने निर्माणाधीन मकान की घेराबंदी कर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ छापेमारी की। इस दौरान घर के हॉल में पांच लोग शराब निर्माण और पैकेजिंग के कार्य में लगे मिले। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे पिछले एक महीने से अवैध शराब तैयार कर बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के विभिन्न जिलों में मांग के अनुसार सप्लाई कर रहे थे।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रत्युष शाहदेव (27), निवासी सुखदेवनगर, राँची; कुन्दन कुमार (28), निवासी औरंगाबाद, बिहार; संजय सिंह (32), निवासी चिरकुण्डा, धनबाद; राकेश कुमार (28), निवासी औरंगाबाद, बिहार तथा विष्णु कुमार (22), निवासी मुंगेर, बिहार शामिल हैं।
भारी मात्रा में शराब और सामग्री बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 750 एमएल की OLD BLENDED OLD MONK की 2,040 बोतलें, ROYAL MANSION GOLD WHISKY PET की 840 भरी बोतलें और ROYAL CHALLENGE SELECT PREMIUM WHISKY की 180 एमएल की 14 भरी बोतलें बरामद कीं। इसके अलावा सिंटेक्स टंकी में करीब 200 लीटर तैयार शराब और एक जार में लगभग 25 लीटर शराब मिली।
मौके से करीब 2,000 खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांड के लगभग 1,000 ढक्कन, शराब के लेबल एवं ब्रांडेड स्टीकर, क्यूआर कोड, करीब 30 किलोग्राम कॉस्टिक कैरेमल पदार्थ, बोतल सील करने की मशीन, चार टुल्लू पंप, जनरेटर, इन्वर्टर-बैटरी और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
इसके साथ ही एक पिकअप टेम्पो, एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और एक महिंद्रा एसयूवी कार भी पुलिस ने जब्त की है।
विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में माण्डर थाना कांड संख्या 115/2026, दिनांक 05 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 274, 275, 338, 336(3), 340(2), 318(4), 3(5), उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), कॉपीराइट एक्ट की धारा 63, 64, 65 तथा ट्रेडमार्क एक्ट की धारा 102, 103 और 104 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय, डीएसपी अजय आर्यन सहित माण्डर, रातू, कोतवाली, सुखदेवनगर, चान्हो, ठाकुरगांव और पंडरा के पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बलों की अहम भूमिका रही।
राँची पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण और अंतरराज्यीय सप्लाई के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और इसके सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।





