रांची: धनतेरस एवं दीपावली के पावन अवसर पर झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 94 हजार 7 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 की सम्मान राशि हस्तांतरित कर दी गई है। प्रत्येक लाभुक के खाते में 2,500 रुपये की दर से कुल 98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये का भुगतान आधार आधारित डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से किया गया है।
त्योहार से ठीक पहले सम्मान राशि मिलने से जिले की लाखों महिलाओं के परिवारों में खुशी का माहौल है। इस राशि से महिलाएं घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ त्योहार की तैयारियों में भी आर्थिक सहयोग प्राप्त कर सकेंगी।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में पहल
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। धनतेरस एवं दीपावली से पहले महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि का हस्तांतरण सरकार की महिला हितैषी सोच और उनके प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
प्रखंडवार लाभुक महिलाओं की संख्या
रांची जिले में योजना के तहत विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों की लाभुक महिलाओं की संख्या इस प्रकार है:
- अनगड़ा – 16,705
- अरगोड़ा शहरी क्षेत्र – 13,347
- बड़गाईं शहरी क्षेत्र – 10,042
- बेड़ो – 20,562
- बुंडू – 8,556
- बुंडू नगर पंचायत – 3,558
- बुढ़मू – 17,765
- चान्हो – 19,332
- हेहल शहरी क्षेत्र – 16,308
- इटकी – 10,135
- कांके – 31,502
- कांके शहरी क्षेत्र – 1,280
- खलारी – 9,597
- लापुंग – 11,784
- मांडर – 22,933
- नगड़ी – 18,250
- नगड़ी शहरी क्षेत्र – 8,216
- नामकुम – 17,958
- नामकुम शहरी क्षेत्र – 9,504
- ओरमांझी – 17,840
- राहे – 9,531
- रातू – 20,290
- सिल्ली – 21,282
- सोनाहातू – 13,088
- तमाड़ – 18,751
- टाउन अर्बन – 25,891
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में काम कर रही है। धनतेरस के अवसर पर खातों में पहुंची सम्मान राशि महिलाओं के लिए दीपावली से पहले बड़ी सौगात साबित हुई है।





