राँची में बड़ी वारदात की फिराक में थे तीन युवक, देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार

SHARE:

राँची: राजधानी राँची में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में संभावित आपराधिक वारदात टलने की बात सामने आई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची को 4 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पोखरटोली मैदान में दो युवक अवैध हथियार के साथ बैठे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वरीय पुलिस उपाधीक्षक, हटिया के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट के सामने पोखरटोली मैदान स्थित इमली के पेड़ के पास छापेमारी की और संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस जांच एवं कार्रवाई के दौरान इस मामले में कुल तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण गोप उर्फ करण कुमार (हुण्डरू, एयरपोर्ट थाना), आदित्य कुमार (हुण्डरू, एयरपोर्ट थाना) और अभिषेक सिंह उर्फ अभिषेक कुमार उर्फ सुल्तान (गुरुद्वारा रोड, बीएलडब्ल्यू कॉलोनी, हटिया) के रूप में हुई है।

कई मामलों में दर्ज हैं आपराधिक केस

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, करण गोप उर्फ करण कुमार के खिलाफ डोरंडा थाना में वर्ष 2025 में मामला दर्ज है। वहीं अभिषेक सिंह उर्फ सुल्तान के खिलाफ गोंदा और जगन्नाथपुर थाना में वर्ष 2017, 2021 और 2023 के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, रंगदारी और अन्य धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं।

इस संबंध में एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 50/26, दिनांक 04.11.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

छापेमारी दल में ये पुलिस पदाधिकारी रहे शामिल

इस कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया नोरज कुमार, डोरंडा थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी, जगन्नाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार, एयरपोर्ट थाना प्रभारी पंकज कुमार शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक रुपेश कुमार सहित एयरपोर्ट थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

अवैध हथियारों के खिलाफ राँची पुलिस की इस कार्रवाई को सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *