गोड्डा में चोरी की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

गोड्डा, 05 नवंबर। गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों पर निर्माणाधीन नए अस्पताल से 48 पीस कॉपर ऑक्सीजन पाइप चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए कॉपर ऑक्सीजन पाइप के 48 टुकड़े बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 की रात करीब दो बजे पथरगामा थाना क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन नए अस्पताल से कॉपर ऑक्सीजन पाइप की चोरी की गई थी। इस संबंध में समीर गोस्वामी के आवेदन पर पथरगामा थाना कांड संख्या 115/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की जांच और छापेमारी के दौरान पुलिस ने रामनगर, गोड्डा नगर निवासी सचीन यादव उर्फ ऋषि यादव, रंजन राय उर्फ रंजन राज उर्फ बोलू तथा बंटी कुमार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अस्पताल से कॉपर पाइप चोरी करने के अलावा पथरगामा थाना क्षेत्र के ग्राम आयुष्मान आरोग्य मंदिर और पंचायत भवन परसपानी के पास स्थित एक कपड़े की दुकान में भी चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, सचीन यादव उर्फ ऋषि यादव के विरुद्ध गोड्डा नगर थाना में वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं, रंजन राय उर्फ रंजन राज उर्फ बोलू के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अलावा गोड्डा मुफस्सिल थाना में वर्ष 2021 में डकैती का मामला भी दर्ज है।

इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक बीरेन्द्र पासवान, पथरगामा थाना प्रभारी कृष्णा कुमार साह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी, लूट और डकैती जैसी संपत्ति संबंधी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *