हजारीबाग। हजारीबाग पुलिस ने अपहरण की एक बड़ी घटना का त्वरित उद्भेदन करते हुए अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए दो वाहनों और एक पेन ड्राइव को भी बरामद किया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपहरण की घटना का कुछ ही समय में खुलासा हो गया।
CCL परियोजना के मैनेजर का किया गया था अपहरण
पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 8:30 बजे चरही थाना क्षेत्र के तापिन साउथ CCL परियोजना में कार्यरत NEPL आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार (35 वर्ष), पिता पंकज कुमार सिंह, निवासी धनबाद का अपहरण कर लिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
अपहृत व्यक्ति की सकुशल बरामदगी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), हजारीबाग एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विष्णुगढ़ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में चरही थाना प्रभारी सहित विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर अपहरण में इस्तेमाल किए गए तीन वाहनों की पहचान की। इनमें काले रंग की एक क्रेटा कार (JH02BK-3586) और दो काले रंग की स्कॉर्पियो शामिल थीं।
दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से वाहन बरामद, अपहृत भी सुरक्षित मिला
जांच के दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ में राजेश यादव और उसके अन्य साथियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सहयोग से कार्रवाई करते हुए काले रंग की स्कॉर्पियो (JH02AU-4625) को मुफस्सिल थाना क्षेत्र से तथा काले रंग की क्रेटा कार (JH02BK-3586) को चंदवारा थाना क्षेत्र से बरामद किया।
इसी कार्रवाई के दौरान अपहृत भास्कर कुमार को चंदवारा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने अपहरण की घटना में शामिल पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए पांच आरोपी
- राजेश यादव, पिता बासुदेव यादव, ग्राम भटबिघा, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग।
- विक्की कुमार, पिता जयप्रकाश मेहता, ग्राम जमुवारी, थाना ईचाक, जिला हजारीबाग।
- आनंद कुमार मेहता, पिता नागेश्वर प्रसाद मेहता, ग्राम दाड़ीघाघर, थाना ईचाक, जिला हजारीबाग।
- दिलीप प्रसाद मेहता, पिता चंदेश्वर प्रसाद मेहता, ग्राम बड़ासी, थाना मुफस्सिल, जिला हजारीबाग।
- मनीष कुमार, पिता खालेश्वर महतो, ग्राम अलौंजा खुर्द, थाना ईचाक, जिला हजारीबाग।
ये सामान हुए बरामद
- काले रंग की स्कॉर्पियो (JH02AU-4625)
- काले रंग की क्रेटा कार (JH02BK-3586)
- एक पेन ड्राइव
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विष्णुगढ़, चरही थाना प्रभारी पु०अ०नि० अजीत कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, आंगो थाना प्रभारी दीपक कुमार, पु०अ०नि० श्रवण कुमार पासवान, पु०अ०नि० फिलिप बारला, तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों तथा चरही थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में चरही थाना कांड संख्या 88/26, दिनांक 01.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3)/3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
हजारीबाग पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपहरण की गंभीर घटना का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ है और अपहृत व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया है।





