पिठौरिया में कृष्णा स्वीट्स के सेल्समैन हत्याकांड का खुलासा, होटल मालिक समेत दो गिरफ्तार

SHARE:

रांची। पिठौरिया थाना क्षेत्र में कृष्णा स्वीट्स के सेल्समैन बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल (30) की हत्या के मामले का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल कृष्णा स्वीट्स के मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगडू और होटल के सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन सहित कई सामान बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि पिठौरिया थाना क्षेत्र के करकट्टा मोड़ के पास बानेश्वर गोराई की अज्ञात अपराधियों ने कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में पिठौरिया थाना कांड संख्या 112/26, दिनांक 30.10.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर किया खुलासा

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन, तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान हत्याकांड की साजिश का खुलासा हुआ।

पत्नी पर टिप्पणी और पैसों के गबन से नाराज था होटल मालिक

पुलिस के मुताबिक, कृष्णा स्वीट्स के मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगडू की पत्नी अक्सर होटल में पूजा करने आती थीं। इसी दौरान मृतक बानेश्वर गोराई द्वारा कथित तौर पर उनके प्रति अभद्र एवं अश्लील टिप्पणियां की जाती थीं। इसके अलावा होटल की बिक्री के पैसों के गबन से भी मालिक को आर्थिक नुकसान हो रहा था।

मृतक पश्चिम बंगाल से पिठौरिया क्षेत्र के विभिन्न होटलों में काम करने के लिए स्टाफ और वेटर उपलब्ध कराने का काम भी करता था। वह कृष्णा स्वीट्स में कार्यरत कर्मचारियों को भी लेकर आया था। पुलिस के अनुसार, जब होटल मालिक उसे डांटते-फटकारते थे तो वह कुछ दिनों के लिए होटल छोड़कर चला जाता था और अन्य कर्मचारियों को भी अपने साथ ले जाता था। इन सभी बातों को लेकर होटल मालिक काफी नाराज था।

50 हजार रुपये में रची गई हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि होटल मालिक कृष्णा कुमार ने सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। हत्या में सहयोग करने के एवज में अमित को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी, जिसमें से 7 हजार रुपये अग्रिम रूप से दिए गए थे।

पुलिस के अनुसार, घटना की रात जब बानेश्वर अपने ससुराल जा रहा था, तब पूर्व निर्धारित योजना के तहत उसका पीछा किया गया। इसके बाद करकट्टा मोड़ के पास कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

गिरफ्तार आरोपी

  1. कृष्णा कुमार उर्फ लंगडू (29 वर्ष), पिता गोपाल महतो, निवासी पिठौरिया कोयरी मोहल्ला, थाना पिठौरिया, रांची।
  2. अमित कुमार उर्फ बिट्टू (22 वर्ष), पिता स्वर्गीय जगदीश महतो, मूल निवासी बचरा, थाना पिपरवार, जिला चतरा। वर्तमान पता पिठौरिया नीचे टोला, थाना पिठौरिया, रांची।

पुलिस ने ये सामान किए बरामद

  • घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (JH01CE-8795)
  • अभियुक्त का मोबाइल फोन
  • मृतक का मोबाइल फोन
  • हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी
  • घटना के दौरान अभियुक्त द्वारा पहने गए कपड़े
  • डीवीआर – 1
  • वाई-फाई राउटर – 2
  • स्कूटी – 1

एसआईटी और छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पाण्डेय, कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार, पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार, तनजील खान, सत्यप्रकाश उपाध्याय, अभिषेक कुमार, सतीश कुमार (कांके), सतीश कुमार (ओरमांझी), तकनीकी शाखा के गगन ठाकुर, शाह फैसल, बलेन्द्र कुमार सहित तकनीकी शाखा की क्यूआरटी टीम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

रांची पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *