पंजाब जाने की तैयारी में था युवक, 2.05 किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार

SHARE:

चतरा। चतरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.05 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को वरीय पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चतरा-गया मुख्य मार्ग से अवैध अफीम लेकर पंजाब जाने की फिराक में है।

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चतरा के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने चतरा-गया मुख्य मार्ग स्थित लरकुआ मोड़ के पास संदिग्ध युवक को पुलिस देखकर भागते हुए देखा। सशस्त्र बल के सहयोग से पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में युवक ने अवैध अफीम लेकर पंजाब जाने की बात स्वीकार की। विधिवत तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 2.05 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके अलावा 3,150 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन कुमार यादव (19 वर्ष), पिता युगल यादव, निवासी कोलकोले, थाना लावालौंग, जिला चतरा के रूप में हुई है। मामले में सदर थाना कांड संख्या 362/2026 दर्ज कर NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चतरा सन्नी वर्धन, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल सिंह सहित सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *