रिसालदार बाबा के सालाना उर्स को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, अधिकारियों ने दिए जरूरी निर्देश

SHARE:

रांची। रिसालदार बाबा के सालाना उर्स को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने अधिकारियों के साथ रिसालदार बाबा के मजार परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुगम आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती के साथ निगरानी एवं भीड़ प्रबंधन की तैयारियों को भी देखा।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उर्स में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

वहीं, एसएसपी राकेश रंजन ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने का निर्देश दिया।

इस दौरान सिटी एसपी पारस राणा, एसडीओ सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय सहित जिला प्रशासन और पुलिस के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उर्स कमेटी एवं शांति समिति के सदस्यों से समन्वय बनाए रखते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की अपील की।

निरीक्षण के बाद उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने रिसालदार बाबा के मजार पर चादरपोशी की। इस दौरान उन्होंने रांचीवासियों की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की तथा जिले में आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक समरसता कायम रहने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *