पांच करोड़ की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

रांची। अरगोड़ा थाना क्षेत्र में चिकित्सक से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में रांची पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक कुमार दास (46 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, अशोक नगर रोड नंबर-4 निवासी डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा (68 वर्ष) ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें 29 जुलाई से लगातार मोबाइल नंबर 9199404559 से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी देने और जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। शिकायत के आधार पर अरगोड़ा थाना कांड संख्या 224/2026, दिनांक 23 अगस्त 2026, के तहत धारा 308(4), 308(5), 351(2) एवं 352 BNS में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक रांची एवं पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस ने तकनीकी एवं अनुसंधान के आधार पर मोबाइल नंबर के उपयोगकर्ता की पहचान दीपक कुमार दास, पिता स्व. पवित्र चंद्र दास, निवासी न्यू बस स्टैंड साइडिंग, लोहरदगा, के रूप में की। वर्तमान में वह रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित आईटीआई रोड, बस स्टैंड के पास पानी टंकी के नजदीक किराये के मकान में रह रहा था।

अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर 9199404559 का सिम कार्ड बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।

छापामारी टीम

  • वरीय पुलिस उपाधीक्षक, हटिया
  • पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, अरगोड़ा सतीश कुमार गोराई
  • पुलिस अवर निरीक्षक सत्यम कुमार, अरगोड़ा थाना
  • सशस्त्र बल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *