चतरा में TSPC का एरिया कमांडर गिरफ्तार, पुलिस टीम पर हमले की साजिश में था शामिल

SHARE:

चतरा, 17 अगस्त 2026। लावालौंग थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के सक्रिय एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछु उर्फ लखन गंझू को उसके गांव पारामातु स्थित घर से गिरफ्तार किया है।

पुलिस को 16 अगस्त को सूचना मिली थी कि TSPC का एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने अपने गांव आने वाला है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया के नेतृत्व में SIT टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लक्ष्मण गंझू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी TSPC संगठन में काफी सक्रिय रहा है। वर्ष 2024 में सदर थाना क्षेत्र में अफीम विनष्टीकरण अभियान से लौट रहे पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर किए गए हमले की साजिश में भी उसकी भूमिका बताई गई है। इस हमले में दो जवान शहीद हुए थे।

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध जोरी थाना एवं सदर थाना में कुल तीन मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

गिरफ्तार आरोपी

लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछु उर्फ लखन गंझू, उम्र करीब 40 वर्ष, पिता राजो गंझू, ग्राम पारामातु, टोला पारडीह, थाना लावालौंग, जिला चतरा।

आपराधिक इतिहास

  1. बशिष्टनगर (जोरी) थाना कांड संख्या 22/2024, दिनांक 28.02.2024 — आर्म्स एक्ट, UAPA एवं CLA एक्ट की विभिन्न धाराएं।
  2. सदर थाना कांड संख्या 74/24, दिनांक 08.02.2024 — IPC की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट, CLA एक्ट एवं UAPA की विभिन्न धाराएं।
  3. सदर थाना कांड संख्या 318/24, दिनांक 11.10.2024 — BNS, आर्म्स एक्ट, CLA एक्ट एवं UAPA की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी

  • श्री नागरगोजे शुभम भाऊसाहब, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया
  • पु0अ0नि0 चंदन कुमार, थाना प्रभारी, लावालौंग थाना
  • पु0अ0नि0 विधायक प्रसाद यादव, लावालौंग थाना
  • लावालौंग थाना सशस्त्र बल

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *