रांची में 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ महिला गिरफ्तार, ₹5 लाख का नशीला पदार्थ बरामद

SHARE:

रांची। रांची पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को वरीय पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक महिला भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर रांची आ रही है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक को अवगत कराते हुए पुलिस उपाधीक्षक सदर रांची के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम जुमार पुल बस स्टैंड के पास पहुंचकर संदिग्ध महिला का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 3:10 बजे एक महिला ऑटो में अकेली बैठी दिखाई दी। पुलिस को अपनी ओर आते देखकर महिला घबराकर ऑटो से उतरकर भागने का प्रयास करने लगी। छापेमारी दल में शामिल महिला चौकीदार के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में महिला की पहचान मुन्नी देवी (43 वर्ष), पति बाबला राम, देवी मंडप के पास, कोकर बाजार, जतराटांड़, सदर थाना, रांची के रूप में हुई। महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में विधिवत तलाशी लेने पर उसके हैंड बैग से प्लास्टिक पाउच में रखा 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर, एक आई-टेल कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी महिला ने रांची जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है। मामले में सदर (मेसरा) थाना कांड संख्या 384/26, दिनांक 16.08.2026, धारा 21(बी)/22(बी)/23/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बरामद सामान

  • 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर, प्लास्टिक सहित, अनुमानित कीमत करीब ₹5 लाख।
  • आई-टेल कंपनी का काला कीपैड मोबाइल फोन।
  • मोबाइल में जियो कंपनी का सिम।
  • ₹20,000 नकद।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुन्नी देवी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सदर थाना में वर्ष 2024 और 2025 में मामले दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2025 का मामला एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है।

कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल रॉय, पुलिस उपाधीक्षक सदर संजीव कुमार बेसरा सहित सदर, कोतवाली, मेसरा और सुखदेवनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *