गोड्डा, 14 अगस्त 2026। गोड्डा नगर थाना क्षेत्र स्थित बंगाल ज्वेलर्स में 8 जुलाई 2026 को हुई लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विशेष जांच दल (SIT) ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की है।
पुलिस को जांच के दौरान सूचना मिली थी कि लूटकांड में शामिल कुछ अपराधी दुमका जिले के बासुकीनाथ में छिपे हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद 13 अगस्त को SIT ने वहां छापेमारी कर चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के साथ-साथ जामताड़ा, बौंसी, नौनीहाट और तालझारी में हुई जेवर दुकानों की लूट की साजिश में शामिल होने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुलासा किया कि विभिन्न स्थानों से लूटे गए आभूषणों को कम कीमत पर गोड्डा के अलग-अलग जेवर दुकानों में बेचा गया। बंगाल ज्वेलर्स से लूटे गए जेवरों को बौंसी के एक ज्वेलर्स के माध्यम से बेचने की बात भी सामने आई है।
सात आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह, कारू साह, शिवशंकर कुमार, धननंजय गायकवाड़ उर्फ राजू, पवन कुमार, उत्तम कुमार साह और अमन कुमार सर्राफ को गिरफ्तार किया है।
भारी मात्रा में सोना-चांदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से लूट और चोरी से संबंधित आभूषण बरामद किए। बरामद सामान में 28 ग्राम गलाया हुआ सोना, 3.05 किलोग्राम गलाया हुआ चांदी, 114 ग्राम गलाया हुआ चांदी, 10 ग्राम सोना तथा 1.5 किलोग्राम और 355 ग्राम चांदी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषणों का संबंध बंगाल ज्वेलर्स, बौंसी, नौनीहाट, तालझारी और जामताड़ा में हुई लूट/चोरी की घटनाओं से है।
इस संबंध में गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 148/2026, दिनांक 14 अगस्त 2026 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस पड़ोसी जिलों और राज्यों में हुई जेवर लूट की घटनाओं से भी इस मामले के तार जोड़कर जांच कर रही है।
गोड्डा पुलिस ने कहा है कि चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं के खिलाफ Zero Tolerance Policy के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
जेवर कारोबारियों को पुलिस की सख्त चेतावनी
गोड्डा पुलिस ने जिले के सभी जेवर प्रतिष्ठानों के संचालकों को चेतावनी दी है कि लूट, डकैती, चोरी या अवैध रूप से प्राप्त आभूषणों को खरीदना, बेचना, छिपाना या उनका निस्तारण करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






