रांची। वाईबीएन विश्वविद्यालय में नए विद्यार्थियों के स्वागत एवं उन्हें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘अभ्युदय-2026’ छात्र अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन द अंजुराम ग्रैंड ऑडिटोरियम में किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘वेलकम, लर्न, कनेक्ट एंड ग्रो’ रही।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत और कुलगीत प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों, संकाय सदस्यों तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गयी। विश्वविद्यालय की गतिविधियों पर आधारित वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को संस्थान की उपलब्धियों और कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के चेयरमैन, कुलपति एवं सीएमडी ने विद्यार्थियों को नयी शैक्षणिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
अभिमुखीकरण सत्र में छात्र कल्याण, अनुशासन, एंटी रैगिंग एवं ICC जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी। इसके अलावा विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों एवं शिक्षकों से परिचित कराया गया। पुस्तकालय, NSS, प्लेसमेंट एवं करियर गाइडेंस से संबंधित सत्र भी आयोजित किये गये।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नए विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय से जुड़ी अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए भोजनावकाश और कैंपस विजिट का आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ‘अभ्युदय-2026’ का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिवार से जोड़ना और उन्हें शैक्षणिक, सांस्कृतिक, अनुशासनात्मक तथा करियर संबंधी अवसरों से परिचित कराना है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।






