रांची, 6 अगस्त 2026। रांची पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) की खरीद-बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 8.4 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने नागाबाबा खटाल के समीप फ्लाईओवर के नीचे छापेमारी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत कुमार वर्मा (35 वर्ष) और कृष्णा कुमार वर्मा (35 वर्ष) के रूप में हुई है। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर रंजीत के पास से 3.9 ग्राम तथा कृष्णा के पास से 4.5 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इसके अलावा एक रियलमी और एक ओप्पो कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हजारीबाग से ब्राउन शुगर लाकर रांची शहर के नागाबाबा खटाल क्षेत्र में घूम-घूमकर बिक्री करते थे।
इस मामले में कोतवाली थाना कांड संख्या 165/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
छापेमारी अभियान में कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, पु.अ.नि. मीनकेतन कुमार, स.अ.नि. विकास कुमार सिंह, स.अ.नि. नरेंद्र बास्की, आरक्षी रितेश कुमार तथा कोतवाली थाना रिजर्व गार्ड शामिल रहे।






