रांची, 6 अगस्त 2026: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के कर्मचारियों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित नई मानव संसाधन (HR) पॉलिसी को मंजूरी मिल गई है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इसे कर्मियों के सुरक्षित, समृद्ध और खुशहाल भविष्य की दिशा में बड़ा कदम बताया।
नई HR पॉलिसी लागू होने से JSLPS में करीब 1,300 अतिरिक्त पदों का सृजन होगा, जिससे राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे और संस्था की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।
नई व्यवस्था के तहत L-5 से L-8 स्तर के कर्मचारियों के वेतन में 60 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। साथ ही लैपटॉप एवं संचार भत्ते में बढ़ोतरी, पहली बार शिक्षा भत्ता और व्यावसायिक विकास भत्ता की सुविधा भी दी जाएगी। कर्मचारियों को अब स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रति माह 1,000 रुपये तक का दावा करने की सुविधा भी मिलेगी।
इसके अलावा पात्र कर्मियों को ग्रेच्युटी, प्रखंड एवं जिला स्तर के कर्मचारियों के क्षेत्र भ्रमण भत्ते में वृद्धि, समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा 20 लाख से बढ़ाकर 30 लाख तथा समूह मेडिक्लेम बीमा 5 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी एवं आकस्मिक चिकित्सा के दौरान बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि JSLPS कर्मियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अतिरिक्त पदों के सृजन और बेहतर सुविधाओं से संस्था के कार्यों में तेजी आएगी तथा JSLPS भविष्य में सफलता के नए आयाम स्थापित करेगा।






