पाकुड़ में डबल मर्डर केस का 12 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

पाकुड़, 6 अगस्त 2026। पाकुड़ पुलिस ने लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में महिला और उसकी पुत्री की निर्मम हत्या के मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 5/6 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12 बजे झेनागड़िया गांव में एक महिला और उसकी पुत्री की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद लिट्टीपाड़ा थाना में कांड संख्या 45/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पाकुड़ श्री अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की और महज 12 घंटे के भीतर आरोपी अबरास अंसारी उर्फ अबरास मोमिन (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू, खून लगा टी-शर्ट तथा बरसाती बरामद की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज है।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ कुमार गौरव, पाकुड़ नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार सहित तकनीकी शाखा एवं लिट्टीपाड़ा थाना की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *