रांची, 4 अगस्त। स्मृति शेष पद्म भूषण एवं झारखंड आंदोलन के महानायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को रांची समाहरणालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण की भावना से आयोजित इस शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 28 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
इस अवसर पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन तथा उपविकास आयुक्त संजय भगत ने स्वयं रक्तदान कर समाज को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।”
कार्यक्रम के दौरान सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों ने उपायुक्त को गुलाब भेंट कर रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से रक्त की उपलब्धता बढ़ेगी और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर सहायता मिल सकेगी।
शिविर से पूर्व उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, एसएसपी राकेश रंजन एवं अन्य अधिकारियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और राज्य एवं समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया।
रक्तदान शिविर में जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को उनके सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।







