गोड्डा: गोड्डा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महागामा थाना क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल (BR10W-3255) बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक गोड्डा को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से ग्राम दिग्धी होते हुए दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा लेकर महागामा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (महागामा) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने ग्राम शीतल के समीप पानी टंकी के पास मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान एक सफेद झोले में चार अलग-अलग पैकेटों में रखा कुल 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरेन्द्र कुमार (33 वर्ष) एवं उदय कुमार मंडल (35 वर्ष), दोनों निवासी ब्रह्मचारी टोला, घोघा थाना, जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में हुई है।
इस मामले में महागामा थाना कांड संख्या-142/26 दिनांक 1 अगस्त 2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने किया। अभियान में पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल सहित महागामा थाना के अन्य पुलिस अधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।






